PM मोदी ने की अंबाजी मंदिर में पूजा
नई दिल्ली। पीएम नरेन्द्र मोदी ने उनके लिए ‘प्रतिष्ठा की जंग’ बने गुजरात विधानसभा चुनाव के प्रचार के अंतिम दिन अहमदाबाद में साबरमती नदी से पहली बार सी-प्लेन के जरिए उड़ान भर धरोई तक की यात्रा की और वहां से रोड शो की शक्ल में 45 किमी की दूरी तय कर स्वर्ण जडि़त शिखर वाले प्रसिद्ध शक्ति पीठ अंबाजी मंदिर में पूजा की। मोदी ने अहमदाबाद शहर में आज रोड शो की इजाजत नहीं मिलने के कारण अपने कार्यक्रम में बदलाव कर अहमदाबाद में सरदार ब्रिज के पास से अमेरिका निर्मित सी प्लेन क्वेस्ट कोडियाक के जरिये उड़ान भरी। उनका विमान इसी नदी में उत्तर गुजरात के धरोई डैम के पास उतरा। पॉयलट जॉन गोलेट ने कहा कि पीएम के साथ उड़ान भरना बहुत ही सुखद अनुभव रहा।
उन्होंने एक बहुत अनुशासित यात्री की तरह सुरक्षा संबंधी सूचना को सुना। ऐसे विमान कई अन्य देशों में सामान्य हैं भारत में बड़े तट क्षेत्र और नदी, झील आदि के चलते यहां भी ये खासे लोकप्रिय हो सकते हैं। मोदी धरोई से सडक़ मार्ग से करीब 45 किमी दूरी तय कर अंबाजी मंदिर पहुंचे। इस दौरान सडक़ के किनारे खड़े लोगों का उन्होंने चलती गाड़ी से दरवाजा खोल सीट पर खड़े होकर हाथ हिला अभिवादन किया। बहुत से लोग उनकी झलक पाने के लिए आसपास की पहाड़ी पर चढ़ गये थे और कुछ स्थानों पर श्री मोदी के मुखौटे पहने भाजपा के कार्यकर्ता भी खड़े थे। मुस्लिम समुदाय के लोगों को भी इस दौरान कई स्थानों पर सडक़ किनारे खड़े देखा गया।
रोड शो के बाद पह अंबाजी मंदिर पहुंचे। बतौर प्रधानमंत्री इस प्रसिद्ध मंदिर की उनकी पहली यात्रा थी। उन्होंने शास्त्रोक्त विधि से मंत्रोच्चार के बीच पूजा और आरती की। उत्तर गुजरात के बनासकांठा जिले में स्थित यह मंदिर अहमदाबाद से लगभग 198 किमी दूर राजस्थान की सीमा के निकट स्थित है। ज्ञातव्य है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के भी अहमदाबाद में आज प्रस्तावित रोड शो को इजाजत नहीं मिली और वह शहर के ऐतिहासिक जगन्नाथ मंदिर में पूजा करने के लिए गये थे। मोदी और श्री गांधी ने चुनाव प्रचार में कई मंदिरों के दौरे किये हैं। गांधी ने गुजरात में 27 मंदिरों के दौरे किये हैं। राज्य में दूसरे और अंतिम चरण में 14 दिसंबर को होने वाले चुनाव के लिए प्रचार अभियान आज शाम समाप्त हो जायेगा।
The post PM मोदी ने की अंबाजी मंदिर में पूजा appeared first on Rochakkhabare.
from Rochakkhabare http://ift.tt/2Bd8MWe
Comments
Post a Comment