दिल्ली में वायु प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए कार्यबल गठित
नई दिल्ली। सरकार ने आज बताया कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में वायु प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए पीएम के प्रधान सचिव की अध्यक्षता में एक कार्यबल गठित किया गया है। मंत्रिमंडल सचिव और संबंधित मंत्रालयों के सचिव इस कार्यबल के सदस्य हैं। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री डॉ महेश शर्मा ने राज्यसभा को यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि कार्यबल समिति की पहली बैठक चार दिसंबर 2017 को आयोजित की गई थी।
एक प्रश्न के लिखित उत्तर में डॉ शर्मा ने बताया कि इस कार्यबल ने फसलों के ठूंठ जलाने के मुद्दे से निपटने के लिए एक कार्ययोजना बनाने की खातिर एक उप समिति गठित की है । उप समिति के अध्यक्ष सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सचिव हैं। उप समिति ने अपनी बैठक में फसलों के ठूंठ जलाने के मुद्दे पर विचार विमर्श किया है। एक अन्य सवाल के लिखित जवाब में डॉ शर्मा ने बताया कि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की सूचना के अनुसार, हरियाणा में वर्ष 2017 में खरीफ के मौसम के दौरान फसलों के ठूंठ जलाने के कुल 12606 मामलों की सूचना है। इनमें से 236 मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गई और 1493 मामलों में जुर्माने के रूप में 39,85,000 रूपये वसूले गए हैं।
डॉ शर्मा ने बताया कि पंजाब रिमोट सेंसिंग सेंटर से प्राप्त उपग्रह संबंधी आंकड़ों के अनुसार, पंजाब में इस साल खरीफ के मौसम में फसलों के ठूंठ जलाने के कुल 42337 मामलों की सूचना है।
The post दिल्ली में वायु प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए कार्यबल गठित appeared first on Rochakkhabare.
from Rochakkhabare http://ift.tt/2Bak1Q0
Comments
Post a Comment