टीम प्रयास से मिली जीत : मनप्रीत सिंह
नई दिल्ली। एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट में खिताबी हैट्रिक लगाने वाली भारतीय टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह ने कहा है कि यह जीत टीम के खिलाडिय़ों की एकजुटता और प्रयासों का नतीजा है। भारत ने बंग्लादेश के ढाका में रोमांचक मैच में मलेशिया को रविवार 2-1 से हराकर तीसरी बार एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया था। जीत के बाद उत्साहित टीम इंडिया के कप्तान ने कहा इस टीम की कप्तानी करना मेरे लिये सम्मान की बात है।
हॉकी टीम गेम है और हम सब एक परिवार की तरह हैं और यह जीत इसलिये संभव हुई क्योंकि हम मिलकर खेलते हैं। उन्होंने कहा हम अपनी इस जीत का बहुत मजा ले रहे हैं और इस दिन हमारे टीम साथी सतबीर सिंह का जन्मदिन भी था तो यह जीत और भी यादगार बन गयी। भारतीय टीम के कोच शुअर्ड मरीने ने कहा जब हमारा स्कोर 2-1 हो गया तब मैं बहुत चिंतित हो गया था क्योंकि मुझे पता है कि आखिरी 4-5 मिनट में गोल हो सकते हैं। लेकिन हमारी टीम ने जिस तरह से खेला मैं उससे बहुत खुश हूं और हमने अंत तक जिस तरह इस स्कोर का बचाव किया वह काबिलेतारीफ है।
उपविजेता रहे मलेशियाई कोच स्टीफन वान हुईजेन ने भारत की प्रशंसा करते हुये कहा भारत एक चुनौतीपूर्ण टीम है और हमसे काफी ऊंची रैंक पर है। यह हमारा पहला एशिया कप फाइनल है और हम खुश हैं जैसा हमारी टीम ने प्रदर्शन किया। हमने कोरिया के साथ और फाइनल में भारत को कड़ी चुनौती दी। फाइनल में जबरदस्त प्रदर्शन के लिये भारत के ललित उपाध्याय को गोल ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया जबकि बंग्लादेश के वायु सेना प्रमुख तथा बंग्लादेश हॉकी संघ के प्रमुख अबु एसरार ने आकाशदीप सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना।
The post टीम प्रयास से मिली जीत : मनप्रीत सिंह appeared first on Rochakkhabare.
from Rochakkhabare http://ift.tt/2yGhFne
Comments
Post a Comment