पाटीदार आरक्षण के मुद्दे पर हार्दिक की गैर मौजूदगी में पास-कांग्रेस की सभा
अहमदाबाद। गुजरात चुनाव से पहले पाटीदार समुदाय को आरक्षण के मुद्दे पर पार्टी की सलाह स्पष्ट करने को लेकर कांग्रेस तथा हार्दिक पटेल की अगुवाई वाली पाटीदार आरक्षण आंदोलन समिति (पास) की एक सभा आज यहां हो रही है। हार्दिक और पास की ओर से कांग्रेस को समर्थन की औपचारिक घोषणा से पहले उन्होंने पार्टी से आरक्षण के मुद्दे पर इसका रूख स्पष्ट करने की मांग की है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता मनीष दोषी ने बताया कि बैठक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री भरतसिंह सोलंकी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन मोढवाडिया और सिद्धार्थ पटेल (पार्टी के प्रमुख पाटीदार नेता तथा पूर्व मुख्यमंत्री चिमनभाई पटेल के पुत्र) तथा हार्दिक पटेल को छोडक़र पास के नौ संयोजक शिरकत कर रहे हैं। बैठक पार्टी के प्रदेश मुख्यालय यहां पालडी स्थित राजीव गांधी भवन में हो रही है। बैठक में भाग ले रहे पास के संयोजकों में हार्दिक के करीबी दिनेश बांभणिया, मनोज पनारा, ललित वसोया, अतुल पटेल, अल्पेश कथिरिया, किरीट पटेल, उदय पटेल और गीता पटेल शामिल है। पास को कांग्रेस ने बाजाप्ता आमंत्रित किया था। ज्ञातव्य है कि सौराष्ट्र का दौरा कर रहे हार्दिक पटेल ने कहा था कि वह इस बैठक के बाद गुजरात चुनाव में कांग्र्रेस के समर्थन पर अपना रूख स्पष्ट कर देंगे।
ज्ञातव्य है कि हार्दिक पर भाजपा इस बात के लिए दबाव बना रही है। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा है कि हार्दिक को बताना चाहिए कि कांग्रेस उनके समुदाय को क्या ओबीसी का दर्जा दिलाने को तैयार है। अगर कांग्रेस आर्थिक आधार पर आरक्षण यानी ईबीसी की बात करती है तो भाजपा तो पहले ही ऐसा कर चुकी है। कांग्रेस ने 20 प्रतिशत ईबीसी देने की बात कही है। सत्तारूढ भाजपा का खुलेआम विरोध कर रहे हार्दिक ने दो दिन पूर्व एक ट्वीट कर कांग्रेस के पाटीदार समुदाय को आरक्षण पर इसका रूख स्पष्ट नहीं करने पर इसके उपाध्यक्ष राहुल गांधी की एक नवंबर से तीन नवंबर तक दक्षिण गुजरात यात्रा के दौरान विरोध की चेतावनी दी थी। उन्होने चेतावनी दी थी कि अगर कांग्रेस ने तीन तक अपना रूख स्पष्ट नहीं किया तो भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की सभा में सूरत में उनके समर्थकों के जबरदस्त हंगामे की पुनरावृत्ति की जायेगी।
The post पाटीदार आरक्षण के मुद्दे पर हार्दिक की गैर मौजूदगी में पास-कांग्रेस की सभा appeared first on Rochakkhabare.
from Rochakkhabare http://ift.tt/2igbEpR
Comments
Post a Comment